• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. priyanka gandhi plan to win amethi and raibareli
Last Modified: रविवार, 5 मई 2024 (15:54 IST)

एक्शन में प्रियंका गांधी, बनाया रायबरेली और अमेठी में जीत का प्लान

priyanka, rahul and sonia
Priyanka Gandhi plan for amethi and rai bareli : कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा रायबरेली और अमेठी में लोकसभा चुनाव प्रचार का नेतृत्व करेंगी तथा दोनों सीट पर पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए सोमवार से चुनाव खत्म होने तक उत्तर प्रदेश के इन संसदीय क्षेत्रों में डेरा डालेंगी। ALSO READ: क्‍या रायबरेली से चुनाव लड़ना राहुल गांधी का मास्‍टर स्‍ट्रोक है?
 
कांग्रेस ने राहुल गांधी को रायबरेली चुनाव मैदान में उतारा है, जो पिछले दो दशकों से उनकी मां सोनिया गांधी का निर्वाचन क्षेत्र रहा है। वहीं, गांधी परिवार के करीबी सहयोगी किशोरी लाल शर्मा अमेठी से चुनाव लड़ेंगे।
 
प्रियंका गांधी ने दोनों सीटों पर पार्टी के प्रचार अभियान की कमान संभाल ली है। प्रियंका अपने भाई राहुल गांधी और शर्मा की जीत सुनिश्चित करने के लिए आक्रामक तरीके से प्रचार करेंगी। प्रियंका गांधी सैकड़ों नुक्कड़ सभाएं, बैठकें करने के साथ घर-घर जाकर प्रचार करेंगी। प्रियंका दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में डिजिटल और सोशल मीडिया प्रचार अभियान की भी निगरानी करेंगी। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में लोगों तक पहुंचने के लिए संगठन के विभिन्न स्तरों पर प्रचार अभियान चलाया जाएगा।
 
कांग्रेस ने रायबरेली से बड़े अंतर से जीत सुनिश्चित करने और अमेठी में फिर से पार्टी को विजय दिलाने का संकल्प लिया है। अमेठी में भाजपा की नेता स्मृति ईरानी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को हराया था।
 
कहा जा रहा है कि प्रियंका केंद्र रायबरेली होगा, जहां वह एक अतिथि गृह में ठहरेंगी। बूथ प्रबंधन से लेकर संपर्क तक, सबकुछ वह ही संभालेंगी। स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों और दशकों से गांधी परिवार के साथ पारिवारिक संबंध रखने वाले लोगों तक पहुंचने की कवायद शुरू हो चुकी है। ALSO READ: Rae Bareli: रायबरेली में आसान नहीं है राहुल गांधी की राह, दादी इंदिरा गांधी को भी झेलनी पड़ी थी शिकस्त
 
प्रियंका गांधी कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट जैसे शीर्ष नेताओं के प्रचार अभियानों की योजना और कार्यक्रम का भी ध्यान रखेंगी। वह लगभग 250-300 गांवों को कवर करेंगी और दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को बराबर समय देंगी।
 
उल्लेखनीय है कि फिरोज गांधी ने रायबरेली में जो मजबूत नींव रखी, उसे बाद में उनकी पत्नी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने और मजबूत किया। इंदिरा गांधी ने 1967, 1971 और 1980 में इस सीट से जीत दर्ज की। उनके बाद गांधी परिवार के दोस्तों और सदस्यों ने इस सीट पर पार्टी का परचम लहराया।
 
अमेठी में मौजूदा सांसद ईरानी को टक्कर देने के लिए 25 साल बाद गैर-गांधी परिवार का कोई सदस्य मैदान में है। शर्मा गांधी परिवार की ओर से दोनों निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े रहे हैं। सात चरण के आम चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को अमेठी और रायबरेली सीट पर मतदान होगा।
Edited by : Nrapendra Gupta 
ये भी पढ़ें
प्रधानमंत्री मोदी आरक्षण विरोधी, छीनना चाहते हैं यह अधिकार : राहुल गांधी