• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. rajnath on rahul gandhi relations with pakistan leaders
Last Updated : रविवार, 5 मई 2024 (12:21 IST)

राजनाथ बोले, पूर्व पाकिस्तानी मंत्री का राहुल की तारीफ करना चिंताजनक

राजनाथ बोले, पूर्व पाकिस्तानी मंत्री का राहुल की तारीफ करना चिंताजनक - rajnath on rahul gandhi relations with pakistan leaders
rajnath singh on rahul gandhi : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान के पूर्व मंत्री चौधरी फवाद हुसैन का राहुल गांधी की तारीफ करना बड़ी चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने नेता के प्रति ऐसे देश के अगाध प्रेम पर स्पष्टीकरण देना चाहिए जो हमेशा भारत को अस्थिर करने का प्रयास करता है। ALSO READ: कानपुर में क्या था पीएम मोदी के रोडशो का मकसद?
 
सिंह ने पीटीआई-भाषा को दिए एक साक्षात्कार में पाकिस्तान से कांग्रेस के संबंध पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि एक ऐसे देश से इस अगाध प्रेम के पीछे कोई वजह जरूर होगी जो भारत को अस्थिर करने का प्रयास करता रहा है। यह बड़ी चिंता का विषय है और भारत इस प्यार के पीछे की वजह जानना चाहता है।
 
चौधरी 2019 में पुलवामा आतंकवादी हमले में पाकिस्तान का हाथ होने का दावा करके चर्चा में आए थे। उन्होंने राहुल ऑन फायर कैप्शन से राहुल गांधी के एक भाषण के अंश एक मई को ‘एक्स’ पर पोस्ट किए थे जिसकी भाजपा के नेताओं ने तीखी आलोचना की थी।
 
रक्षा मंत्री ने कहा कि अगर एक ऐसे देश का पूर्व मंत्री राहुल की तारीफ करता है जो भारत को अस्थिर करने का प्रयास करता रहा है तो यह चिंता की बात है। कांग्रेस को पाकिस्तान के साथ अपने रिश्ते के बारे में स्पष्टीकरण देना चाहिए। सिंह ने कहा कि पड़ोसी देश भारतीय चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है।
 
यह पूछे जाने पर कि क्या पाकिस्तान इसमें कामयाब हो रहा है, सिंह ने कहा कि पाकिस्तान की चुनाव को प्रभावित करने की औकात नहीं है।
 
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान के पूर्व मंत्री ने राहुल गांधी की पार्टी के उस वादे के लिए शनिवार को फिर उनकी तारीफ की थी कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो संपत्ति के पुन: वितरण के लिए सर्वेक्षण कराएगी। चौधरी ने राहुल की तुलना उनके पिता के नाना और भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से करते हुए कहा था कि दोनों समाजवादी हैं।
 
सिंह ने कहा कि कांग्रेस जिस तरीके से संपत्ति का पुन: वितरण करना चाहती है, उससे अर्थव्यवस्था बर्बाद हो जाएगी और महंगाई बेकाबू हो जाएगी जैसा कि वेनेजुएला में हुआ था। ALSO READ: Rae Bareli: रायबरेली में आसान नहीं है राहुल गांधी की राह, दादी इंदिरा गांधी को भी झेलनी पड़ी थी शिकस्त
 
राहुल की क्या गलती? : यह पूछे जाने पर कि भाजपा चौधरी की अवांछित टिप्पणियों में राहुल की गलती क्यों ढूंढ रही है, इस पर राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तानी नेता ने राहुल गांधी ऑन फायर कहते हुए उनकी तारीफ की। अगर ऐसे देश से ये टिप्पणियां आती है तो भाजपा जैसे कद के राजनीतिक दल की तरफ से प्रतिक्रिया आना स्वाभाविक है।
 
सिंह ने कहा कि राहुल या कांग्रेस ने इस अवांछित तारीफ से दूरी बनाने का कोई प्रयास नहीं किया है। यह तारीफ ऐसे व्यक्ति ने की है जिसने मंत्री पद पर रहते हुए भारत में आतंकवादी हमलों में पाकिस्तान सरकार का हाथ होने की बात स्वीकार की थी।
 
चौधरी ने करीब साढ़े तीन साल पहले एक चर्चा के दौरान नेशनल असेंबली में कहा था कि हमने हिंदुस्तान को घुस के मारा। पुलवामा में हमारी सफलता इमरान खान के नेतृत्व में इस देश की सफलता है। आप और हम उस सफलता का हिस्सा हैं।
 
राहुल कोई आग नहीं : राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी में कोई आग नहीं है जबकि उनकी पार्टी चुनावी फायदे के लिए हिंदू-मुस्लिम विभाजन की कोशिश कर आग से खेल रही है। रक्षा मंत्री ने कांग्रेस पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और धार्मिक आधार पर तनाव पैदा करने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक सौहार्द बिगाड़ना चाहती है। वे मुस्लिम समुदाय को केवल वोट बैंक के रूप में देखते हैं। मैं उन्हें सुझाव देना चाहता हूं - राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं की जानी चाहिए। राजनीति का उद्देश्य राष्ट्र निर्माण होना चाहिए।
 
POK पर बलपूर्वक कब्जे की आवश्यकता नहीं : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) पर अपना दावा कभी नहीं छोड़ेगा लेकिन इसे बलपूर्वक अपने कब्जे में करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी क्योंकि इसके लोग कश्मीर में विकास को देखने के बाद स्वयं इसमें शामिल होना चाहेंगे। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में जमीनी स्थिति में काफी सुधार हुआ है और एक समय ऐसा आएगा जब केंद्र शासित प्रदेश में अफस्पा (सशस्त्र बल विशेष शक्तियां अधिनियम) की आवश्यकता नहीं होगी। यह मामला केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन है और वह उचित निर्णय लेगा। (भाषा)
Edited by : Nrapendra Gupta
ये भी पढ़ें
प्याज निर्यात से प्रतिबंध हटाने से पहले क्या सरकार ने ली EC की अनुमति?