• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अलविदा 2023
  4. moon walk to G20, India has hoisted the flag of success
Written By
Last Updated : सोमवार, 11 दिसंबर 2023 (14:30 IST)

चांद की सैर से लेकर जी20 तक, भारत ने पूरी दुनिया में गाड़े सफलता के झंडे

indian achievement
इस साल 2023 में भारत के खाते में कई उपलब्‍धियां जुड़ीं। इनमें सबसे बड़ी सफलता मिशन चंद्रयान और आदित्‍य एल1 मिशन की मदद से भारत सूरज की तरफ भी बढ़ा। वहीं एक तरफ जी20 में दुनिया ने भारत की धाक भी देखी तो दूसरी तरफ चिप निर्माण में भी भारत की एंट्री हुई। आइए जानते हैं इस साल की भारत की 5 सबसे बड़ी उपलब्‍धियां।

मिशन चंद्रयान : चांद पर भारत
23 अगस्त 2023 को भारत ने अपना चंद्रयान-3 मिशन चांद के साउथ पोल पर लैंडिंग कर इतिहास रच दिया। भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर कामयाब लैंडिंग करने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। चंद्रयान-3 ने 30 किलोमीटर की ऊंचाई से शाम 5 बजकर 44 मिनट पर ऑटोमैटिक लैंडिंग प्रोसेस शुरू की और अगले 20 मिनट में सफर पूरा किया। शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रयान-3 के लैंडर ने चांद पर पहला कदम रखा। चांद पर पहुंचकर लैंडर ने मैसेज भेजा- मैं अपनी मंजिल पर पहुंच गया हूं। ISRO ने चंद्रयान को श्रीहरिकोटा से 14 जुलाई को लॉन्च किया था। 41वें दिन चांद के साउथ पोल पर लैंडिंग हुई।

आदित्य एल 1: सूरज के लिए सफर
चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के एक सप्ताह बाद ही भारत ने सूर्य के अध्ययन के लिए एक मिशन लॉन्च किया। ये अंतरिक्ष यान शनिवार 2 सितम्बर को श्रीहरिकोटा से भारतीय समयानुसार सुबह 11.50 बजे अंतरिक्ष में रवाना हुआ। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के मुताबिक सूर्य मिशन 'आदित्य एल-1' अंतरिक्ष यान ने आंकड़े जुटाने शुरू कर दिए हैं। यह आंकड़े पृथ्वी के चारों ओर मौजूद कणों के व्यवहार के विश्लेषण में वैज्ञानिकों की मदद करेंगे।

जी20 समि‍ट: दुनिया ने देखी भारत की ताकत
भारत की अध्यक्षता में जी-20 शिखर सम्मेलन का सफल आयोजन हुआ। दिल्ली के प्रगति मैदान के भारत मंडपम (Bharat Mandapam) में 9 और 10 सितंबर को समिट की बैठकें आयोजित की गईं। इस समिट में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden), इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों समेत दुनिया भर के बड़े-बड़े नेताओं ने हिस्सा लिया। जिस जगह पर विश्व नेताओं का स्वागत किया उसके ठीक पीछे 13वीं शताब्दी की प्रसिद्ध कलाकृति कोणार्क चक्र की प्रतिकृति स्थापित की गई थी।

शेयर बाजार : सबसे हाई
11 दिसंबर 2023 को सेंसेक्‍स अपने अब तक के सबसे उच्‍च स्‍तर पर रहा। सोमवार को शुरुआती कारोबार में पहली बार 70,000 के स्तर को पार कर गया, जबकि निफ्टी (Nifty) 21,000 के स्तर के पार पहुंचा। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा चालू वित्त वर्ष में वृद्धि पूर्वानुमान बढ़ाने और नीतिगत दरों को अपरिवर्तित रखने के बाद प्रमुख सूचकांक शुक्रवार को अपने सर्वकालिक उच्चतम (alltime highs) स्तर पर पहुंच गए थे।

चिप निर्माण: भारत की एंट्री
साल 2023 भारत के लिए चिप निर्माण का आगाज करने वाला साल भी रहा। पीएम मोदी ने 28 जुलाई को गुजरात में सेमीकॉन इंडिया सम्मेलन-2023 के उद्घाटन के दौरान दुनियाभर के चिप निर्माताओं को भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण से जुड़ने का आमंत्रण देते हुए कहा कि भारत किसी को निराश नहीं करता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि दुनियाभर की कंपनियां तो भारत में आकर चिप बनाएं ही, साथ ही भारत खुद अपनी चिप विकसित करे। भारत की चिप बनाने में सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धा चीन से है, जो पिछले तीन दशकों से निवेश के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी राजकीय अमेरिका यात्रा के दौरान माइक्रॉन टेक्नोलॉजी के सीईओ संजय मेहरोत्रा से मुलाकात की थी और उन्हें भारत में सेमीकंडक्टर विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए आमंत्रित किया था। जिसके कुछ घंटों बाद माइक्रॉन ने 82.5 करोड़ डॉलर के निवेश के साथ गुजरात में एक नई असेंबली और परीक्षण सुविधा बनाने की अपनी योजना की घोषणा की। इसके अलावे फॉक्सकॉन और वेदांता जैसी कंपनियां भी भारत में चिप निर्माण के क्षेत्र में अपना अभियान आगे बढ़ा रही है।

कुछ और उपलब्‍धियां
बैंगलुरू-मैसूर एक्सप्रेसवे की शुरुआत : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 मार्च 2023 को बेंगलुरू-मैसूर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। 2023 में देश को मिलने वाली बड़ी उपलब्धियों में से यह एक है। 119 किलोमीटर लंबे बेंगलुरु -मैसूर एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट को NH-275 नाम दिया गया। यह एक 6-10 लेन हाईवे है जिसे 8480 करोड़ की लागत के साथ डिवेलप किया गया। नेशनल हाइवेज ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने यह प्रोजेक्ट दिलीप बिल्डकॉन (Dilip Buildcon) को समर्पित किया। इस हाईवे का उद्देश्य मुख्यतौर पर बेंगलुरु और मैसूर के बीच ट्रैफिक को सुगम करना था और अब इससे 3 घंटे का सफर सिर्फ 75 मिनट में पूरा किया जा सकता है।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा शुरु : देश की राजधानी दिल्ली को आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले मुंबई से जोड़ने वाले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे 1350 किलोमीटर लंबा है। निश्चित तौर पर देश के लिए 2023 में मिली यह एक बड़ी उपलब्धि है। 8-लेन वाले इस एक्सप्रेसवे का काम अभी भी चल रहा है। इस एक्सप्रेसवे की नींव केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पूर्व विदेश मंत्री रहीं स्वर्गीय सुषमा स्वराज और अरुण जेटली के साथ मिलकर 8 मार्च 2019 को रखी थी। इस प्रोजेक्ट में जमीन अधिग्रहण को मिलाकर कुल 1,00,000 करोड़ का खर्च होने का अनुमान है। इस हाईवे के साथ NHAI 31 किलोमीटर का एक और स्ट्रेच जोड़ेगी जो सेक्टर-65 से जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक होगा।

दुनिया का सबसे बड़ा एविएशन ऑर्डर : एयर इंडिया की कमान अब देश के सबसे बड़े बिजनेस घराने Tata Group के हाथों में है। टाटा ग्रुप ने 2023 में एयर इंडिया का मेकओवर कर दिया। देश की इस सबसे बड़ी एयरलाइन का ना केवल मेकओवर किया गया बल्कि इसके लोगो और क्रू मेंबर्स के पहनावे तक को बदल दिया गया। टाटा ने एक ब्रैंड न्यू एक्सपीरियंस देने का कमिटमेंट भी किया। इसके अलावा एयर सबसे बड़ी बात रही कि एयर इंडिया ने दुनिया के सबसे बड़े एविएशन ऑर्डर को फाइनल कर दिया। Air India ने प्लेन मैन्युफैक्चर करने वाली कंपनी से 470 जेटलाइनर्स का ऑर्डर दिया। इनमें Airbus से 250 प्लेन, Boeing से 220 और 70 दूसरे प्लेन का बड़ा ऑर्डर दिया। इनमें 400 नैरोबॉडी और 70 चौंड़ी बॉडी वाले प्लेन शामिल हैं। एयर इंडिया को साल के आखिर तक कुछ वाइडबॉडी प्लेन की डिलीवरी मिलने की उम्मीद है।
Edited : By navin rangiyal 
ये भी पढ़ें
Article 370 पर 'सुप्रीम' फैसले के बाद क्या बोले पीएम मोदी