• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Where in Parambir Singh
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 1 अक्टूबर 2021 (15:23 IST)

कहां है परमबीर सिंह, महाराष्‍ट्र की सियासत में बवाल...

कहां है परमबीर सिंह, महाराष्‍ट्र की सियासत में बवाल... - Where in Parambir Singh
मुंबई। मुंबई के पूर्व कमिशनर परमबीर सिंह पिछले कई दिनों से लापता है। उनके रूस भाग जाने की खबरे भी आ रही है। इस मामले में महाराष्ट्र की सियासत गरमा गई है। भाजपा और कांग्रेस इस मामले में आमने-सामने नजर आ रहे हैं।
 
कांग्रेस पार्टी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि नीरव मोदी, मेहुल चोकसी, विजय माल्या की तरह ही परमबीर सिंह को भी देश से बाहर भगाने में भाजपा का हाथ है।
 
कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने कहा है कि अगर परमबीर सिंह भारत से बाहर गए हैं, तो इसमें भाजपा की भूमिका की जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि परमबीर सिंह शुरुआत से ही बीजेपी के एजेंडे पर चल रहे थे। एनआईए की रिपोर्ट में ये साफ हुआ था कि सचिन वाजे सिर्फ परमबीर को ही रिपोर्ट कर रहे थे।
 
इस पर भाजपा नेता संजू वर्मा ने कहा कि परमबीर सिंह को मुंबई का कमिश्नर किसने बनवाया? उद्धव ठाकरे और उनकी सरकार ने। 5 मई से 29 अगस्त 2021 तक उन्हें छुट्टी किसने दी? SIT जो मामले की जांच कर रही है किसे रिपोर्ट कर रही है। महाराष्‍ट्र के गृहमंत्री को।
 
कुछ मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि वह रूस भाग गए हैं। इस बीच महाराष्‍ट्र के गृहमंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने कहा कि इस बात का पता लगाया जा रहा है कि परमबीर सिंह कहां है। वह एक सरकारी अधिकारी है इसलिए बगैर अनुमति विदेश नहीं जा सकते।
 
उल्लेखनीय है कि एंटीलिया के पास विस्फोटकों से लदी एसयूवी के मामले में एनआईए द्वारा मुंबई पुलिस अधिकारी सचिन वाजे को गिरफ्तार किए जाने के बाद सिंह का मार्च 2021 में मुंबई पुलिस आयुक्त के पद से तबादला कर दिया गया था। मुंबई और ठाणे के पूर्व पुलिस आयुक्त रह चुके परमबीर सिंह के खिलाफ जबरन वसूली की कम से कम 4 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
ये भी पढ़ें
चक्रवाती तूफान में तब्दील हुआ शाहीन, अगले 12 घंटे में होगा और खतरनाक