गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
Written By WD

सावधान! आपकी जेब में तो नहीं 100-1000 का नकली नोट

सावधान! आपकी जेब में तो नहीं 100-1000 का नकली नोट -
FILE
अभी तक 500 रुपए के नोटों के ही नकली आने की आशंका रहती थी, लेकिन अब नकली नोट बनाने वाले गिरोह की नजर 100 और 1000 के नोटों पर है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के अनुसार अब इन गिरोहों का निशाना 100 और 1000 के नोट हैं।

आरबीआई द्वारा जारी की गई वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार बैंकिंग सिस्टम ने वित्तीय वर्ष 2014 में 500 रुपए के 2.52 लाख पीस नकली नोट पकड़े हैं। साल भर पहले इनकी संख्या 2.81 लाख थी, वहीं 1,000 रुपये के नकली नोट 1.10 लाख पकड़े गए।

साल भर पहले बैंकिंग सिस्टम ने 98,459 नकली नोट 1,000 रुपये के पकड़े थे। वित्तीय वर्ष 2014 में 100 रुपये के 1.18 लाख नकली नोट पकड़े गए, जो साल भर पहले की तुलना में 10,000 पीस ज्यादा थे। 2013-14 में 1,000 और 100 रुपए के नकली नोट क्रमश: 11.8 प्रतिशत और 9.8 प्रतिशत बढें हैं। दूसरी तरफ 500 रुपए के नकली नोटों में 10.3 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।

अगले पन्ने पर, ऐसे करें नकली नोटों की पहचान...


आप अपने पास रखे असली नोटों की पहचान इस तरह से कर सकते हैं-
*नोट पर वर्टिकल बैंड के बीचों बीच एक छोटा-सा फूल नुमा डिजाइन बना होता है। यह सामने से खाली और पीछे की तरफ से भरा हुआ सा दिखाई देता है।

*1000, 500, 100, 50 और 20 के नोट को जब लेटा कर देखा जाता है तो महात्मा गांधी की तस्वीर के दाहिनी तरफ लेटेंट इमेज दिखती है जिस पर नोट की वैल्यू यानी कि 1000, 500, 100, 50 और 20 लिखा होता है। नोट को लेटाकर आईलेवल तक लाकर इसे पढ़ा जा सकता है।


*महात्मा गांधी सीरीज के नोटों पर महात्मा गांधी वॉटरमार्क होता है जिसे रोशनी की तरफ करने पर तस्वीर साफ नजर आती है और साथ ही इस पर मल्टी-डायरेक्शनल रेखाएं भी दिखती हैं।

*अक्टूबर 2000 से जारी किए गए 1000 के नोट पर खड़ा सिक्यॉरिटी थ्रेड होता है जिस पर हिन्दी में 'भारत', '1000' और "आरबीआई" लिखा होता है जबकि 500 और 100 के नोट पर इस थ्रेड पर हिन्दी में केवल 'भारत' और 'आरबीआई' लिखा होता है।

*महात्मा गांधी की तस्वीर, रिजर्व बैंक की सील, गारंटी एंड प्रॉमिस क्लॉज, अशोक स्तंभ और आरबीआई गर्वनर के हस्ताक्षर इंटेगिलयो प्रिंटिंग में होते हैं, यानी कि यह उभरे हुए होते हैं और हाथ लगाने पर महसूस किए जा सकते हैं।

*10 रुपए के नोट के अलावा हर नोट पर उभरा हुआ आईडेंटिफिकेशन मार्क होता है। 20 रुपए के नोट पर खड़ा रेक्टेंगल, 50 रुपए के नोट पर स्क्वायर, 100 रूपए के नोट पर ट्रायएंगल, 500 रुपए के नोट पर सर्कल और 1000 रुपए के नोट पर डायमंड का निशान होता है। यह निशान खासतौर पर दृष्टिहीन लोगों के नोट की पहचान करने के लिए बनाए गए हैं।

*1000 रूपए और 500 रुपए के नोट पर नवंबर 2000 से नया फीचर जोड़ा गया था। इन नोटों पर छपा 1000 और 500 रंग बदलता है। जब नोट को फ्लैट पकड़ा जाता है तो यह हरा रंग का दिखता है, लेकिन जैसे ही नोट का एंगल बदला जाता है इसका रंग नीला हो जाता है। (एजेंसियां)