• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Will Modi be able to become Prime Minister again? Know what devotees of Ram who reached Ayodhya say
Last Updated : मंगलवार, 23 अप्रैल 2024 (18:12 IST)

क्या मोदी फिर से प्रधानमंत्री बन पाएंगे? जानिए क्या कहते हैं अयोध्या पहुंचे रामभक्त

Ayodhya Ram Mandir
What do Ram devotees say on Lok Sabha elections 2024: अयोध्या में 22 जनवरी 2024 को रामलला की भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद रामलला के दर्शन के लिए देशभर से लोग रामनगरी अयोध्या पहुंच रहे हैं। हर कोई रामलला की एक झलक पाना चाहता है। इस बीच, देश में लोकसभा चुनावों की भी चर्चा है।

पहले चरण का तो मतदान भी संपन्न हो चुका है। भिन्न-भिन्न राज्यों से रामजी के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु लोकसभा चुनाव को लेकर क्या सोचते हैं? क्या केन्द्र में फिर से मोदी सरकार बन पाएगी? इन्हीं प्रश्नों को लेकर वेबदुनिया ने अयोध्या पहुंचे लोगों से बातचीत की। आइए जानते हैं कि चुनाव और नरेन्द्र मोदी को लेकर क्या कहते हैं लोग... 
असम की 80 फीसदी सीटें भाजपा को : अपने साथियों के साथ रामलला के दर्शन करने अयोध्या आए असम के प्रांजीत दास ने कहा कि लोकसभा चुनाव में फिर से दिल्ली की कुर्सी 110 फीसदी भाजपा के ही पास होगी। इतना ही नहीं असम की 80% लोकसभा सीटें भाजपा को ही जाएंगी। मुंबई की  ममता वोरा ने कहा कि फिर से देश में मोदी की ही सरकार बनेगी क्योंकि मोदी ने इतना काम किया है, जिसकी गिनती नहीं की जा सकती। 
राजस्थान के बालोतरा से आए महावीर माली ने कहा कि अयोध्या नगरी देखने से लगता है मोदी व योगी ने जो राम राज्य की कल्पना की थी, वह साकार होती दिख रही है। अयोध्या जल्द ही विश्व की आ‍ध्यात्मिक नगरी होगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से मोदी जी ने राम मंदिर का निर्माण करवाया है, उसी प्रकार से इस लोकसभा चुनाव में फिर से मोदी आएंगे, 400 के आंकड़े के साथ। 
 
फिर मोदी सरकार : कोलकाता से आए प्रकाश कुमार ने कहा कि अयोध्या बड़ी ही दिव्य लग रही है। हम केवल इतना ही कहेंगे कि जो रामजी को लाए हैं, हमें उनको ही लाना चाहिए। क्योंकि धर्म से लेकर देश के सभी मुद्दों पर सरकार समर्थ व सक्षम है। हिमाचल प्रदेश की रहने वालीं नीता पठानिया ने कहा कि अयोध्या नगरी दिव्य लगी और दिव्य रूप से राम लला के दर्शन भी हुए। उन्होंने कहा कि फिर से देश में मोदी की सरकार बनेगी क्योंकि उन्होंने तो काफी काम किए हैं। सबसे बड़ा काम अयोध्या मे राम मंदिर का निर्माण है। 
कर्नाटक से आए पवन ने कहा कि देश में मोदी की फिर से सरकार बनेगी। कर्नाटक में भी भाजपा को काफी सीटें मिलेंगी।  झारखंड से आए अरविन्द कुमार ने बताया कि देश में नई सरकार भाजपा की ही बनेगी। इसका सबसे बड़ा कारण अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण होना है। इसका असर पूरे देश की जनता में देखने को मिल रहा है। कुमार ने कहा कि झारखंड की सभी 14 सीटों पर भाजपा का कब्जा होगा क्योंकि देश का हिन्दू समाज यह जान चुका है कि भाजपा है तो सनातन है और सनातन है तो भारत है। 
 
वो रामजी को लाए, हम उनको लाएंगे : वृंदावन से आए दीपक पाठक ने बताया कि इतनी भीड़ में भी राम लला का दिव्य दर्शन हुआ। लोकसभा चुनाव को लेकर पाठक ने कहा कि मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे। क्योंकि वो राम जी को लाए हैं, हम उनको लाएंगे। लंदन से आए अजय देसाई ने कहा कि राम मंदिर का निर्माण हुआ, ये बहुत बड़ी बात है। यदि राम मंदिर का निर्माण न भी हुआ होता तब भी मोदी को हराना व रोक पाना आसान नहीं था।
रामलला करवाएंगे 400 पार : हैदराबाद से रामलला का दर्शन करने आए दो भाई सुनील कुमार व सुधीर कुमार ने कहा कि मोदी के सामने खड़ा होने वाला ही कोई नहीं होगा। मोदी को राम लला 400 के पार कराएंगे, कोई रोक नहीं पाएगा। हमारे राज्य से भी भाजपा को काफी सीटें मिलेंगी। 
 
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से आए भाटिया बंधुओं ने बताया कि रामलला के एक बार दर्शन करने से मन नहीं भरा। ऐसा लगता है कि उन्हें एक टक निहारते रहें। यदि लोकसभा चुनाव की बात करें तो पूरा देश राममय हो गया है। हो सकता है कि इस लोकसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत हो। अयोध्या आए कई अन्य रामभक्तों ने कहा कि केन्द्र में एक बार फिर नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने जा रही है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 
ये भी पढ़ें
पीएम ने संविधान को लेकर कांग्रेस उम्मीदवार की टिप्पणी पर साधा निशाना, देश तोड़ने की चाल करार दिया