• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. 4-5 kilometer long line for darshan of Ramlala in Ayodhya
Last Updated : बुधवार, 24 जनवरी 2024 (15:53 IST)

Ayodhya Ram Mandir Live: अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए 4-5 किलोमीटर लंबी लाइन

Ram Mandir Ayodhya
Ram Mandir Ayodhya latest news: अयोध्या राम मंदिर में 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद 23 जनवरी से श्रद्‍धालुओं का सैलाब उमड़ा हुआ है। हर कोई अपने आराध्य की एक झलक पाना चाहता है। पहले दिन करीब 5 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि दूसरे दिन यानी बुधवार को भी दर्शनार्थियों की लंबी कतार देखी गई। आइए जानते हैं अयोध्या की पल-पल की अपडेट... 

03:51 PM, 24th Jan
वीआईपी पहले सूचना दें : अयोध्या में दर्शनार्थियों की उमड़ती भीड़ के बीच यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कहा कि श्री अयोध्या धाम में हर रामभक्त को सुगमतापूर्वक प्रभु श्री रामलला के दर्शन कराना हमारा कर्तव्य है। अपने आराध्य प्रभु श्री रामलला के दर्शन की आकांक्षा लिए पूरे देश से भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन के दृष्टिगत अतिविशिष्ट/विशिष्ट/गणमान्य जन द्वारा अयोध्या धाम आगमन का कार्यक्रम बनाने से एक सप्ताह पूर्व स्थानीय प्रशासन/श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास अथवा राज्य सरकार को सूचित करना हितकर होगा।

12:15 PM, 24th Jan
4 से 5 किलोमीटर लंबी लाइन : अयोध्या से वेबदुनिया संवाददाता संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि अयोध्या में लाखों की संख्या में लोग रामलला के दर्शन कर चुके हैं। दूसरे दिन यानी बुधवार को भी सड़कों पर श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लगी हुई है। रामलला की एक झलक पाने के लिए भोर से ही 4 से 5 किलोमीटर तक की लाइन लगी हुई नजर आई। इस दौरान सुरक्षाकर्मी भी मुस्तैद दिखे। 

Ayodhya Ram Mandir


12:14 PM, 24th Jan
दर्शन से पहले सरयू में डुबकी : कड़ाके की ठंड के बीच सरयू नदी में पवित्र स्नान के लिए लगा राम भक्तों का तांता। अयोध्या के राम मंदिर में आज भी दर्शन के लिए भक्तों में जबर्दस्त उत्साह है। मंगला आरती के साथ ही दर्शन निरंतर जारी हैं। मौके पर प्रमुख सचिव संजय प्रसाद, डीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार और स्थानीय अधिकारी मौजूद हैं। आज भीड़ को व्यवस्थित करने में प्रशासन को भी मुश्किल नहीं हो रही है। 
अयोध्या राम मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रही लोगों की भारी भीड़ पर उत्तर प्रदेश के डीजी (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रमुख गृह सचिव और मुझे यहां व्यवस्थाओं को देखने के लिए भेजा गया है... हमने भीड़ प्रबंधन के लिए कतार प्रणाली में सुधार किया है।


12:13 PM, 24th Jan
सरकारें जाएंगी रामलला के दर पर : भाजपा सरकार के मुख्‍यमंत्री अपनी कैबिनेट के साथ बारी-बारी से करेंगे रामलला के दर्शन। त्रिपुरा कैबिनेट 31 जनवरी को अयोध्या राम मंदिर के दर्शन करेगी। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ कैबिनेट 1 फरवरी को करेगी रामलला के दर्शन। असम की हिमंत कैबिनेट के सदस्य 22 फरवरी को अयोध्या राम मंदिर के दर्शन करेंगे।