• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. those who cannot win elections pm modi targets rajya sabha mp sonia gandhi
Last Modified: जयपुर , रविवार, 21 अप्रैल 2024 (21:51 IST)

जो चुनाव नहीं जीत सकते, उन्होंने मैदान ही छोड़ दिया, राजस्थान में PM मोदी ने सोनिया गांधी पर कसा तंज

जो चुनाव नहीं जीत सकते, उन्होंने मैदान ही छोड़ दिया, राजस्थान में PM मोदी ने सोनिया गांधी पर कसा तंज - those who cannot win elections pm modi targets rajya sabha mp sonia gandhi
pm modi targets rajya sabha mp sonia gandhi : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने रविवार को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) के राजस्थान से राज्यसभा सदस्य बनने पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग चुनाव नहीं जीत सकते वे 'मैदान से भागकर' राजस्थान से राज्यसभा में आए हैं।

प्रधानमंत्री ने भीनमाल (जालोर) में  BJP की चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि पार्टी ने परिवारवाद और भ्रष्टाचार का दीमक फैलाकर देश को खोखला कर दिया और उसके इन्हीं पापों की सजा आज देश पार्टी को दे रहा है।
 
उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी ने कभी देश में 400 लोकसभा सीट जीतीं थीं, आज वह 300 सीटों पर चुनाव नहीं लड़ पा रही है। मोदी ने कहा कि जो लोग चुनाव नहीं लड़ सकते, चुनाव जीत नहीं सकते.. वे मैदान से भाग कर इस बार राजस्थान से राज्यसभा में आए हैं। कांग्रेस की इतनी हालत खराब है।
 
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी फरवरी में राजस्थान से राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने वाले सांसदों में शामिल हैं। इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के कई दिग्गजों को मैदान में नहीं उतारा गया हालांकि पार्टी ने उन अटकलों को खारिज कर दिया है कि वे चुनाव लड़ने से कतरा रहे थे।
राजस्थान में पहले चरण के मतदान की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ पहले चरण के मतदान में आधे राजस्थान ने कांग्रेस को बराबर सजा दी है। उसे बराबर सबक सिखाया है। 
 
उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत राजस्थान ये जानता है कि कांग्रेस कभी भी मजबूत भारत बना ही नहीं सकती। देश को ऐसी कांग्रेस सरकार नहीं चाहिए। देश को 2014 के पहले जो हालात थे वो हालात वापस नहीं चाहिए। 
 
मोदी ने कहा कि (तब) हर कोई कांग्रेस की कमजोर सरकार को आता जाता हर कोई धमकाता था और हर कोई देश को लूटने में जुटा था। प्रधानमंत्री को तो कोई पूछता ही नहीं था। सरकार रिमोट कंट्रोल से चला करती थी। कैबिनेट से पास हुए अध्यादेश को उनकी पार्टी के ही एक नेता मीडिया की बैठक में बड़े रौब से फाड़ कर फेंक देते थे।'
 
उन्होंने कहा कि ऐसी दुर्बल अवस्था देश को मजबूत बना सकती है क्या? आप मुझे बताइये अस्थिरता की प्रतीक कांग्रेस पार्टी और उनका कुनबा देश को चला सकता है क्या? आज कांग्रेस पार्टी की जो हालत हुई है उसकी गुनहगार वो खुद है।
 
मोदी ने आरोप लगाया कि 60 वर्षों तक राज करने वाली कांग्रेस ने हमारी माताओं-बहनों को शौचालय, गैस, बिजली, पानी, बैंक खाते जैसी छोटी छोटी चीजों के लिये तरसाया है।
 
उन्होंने कहा कि इसी कांग्रेस ने परिवारवाद और भ्रष्टाचार का दीमक फैलाकर देश को खोखला कर दिया और उनके इन्हीं पापों की सजा आज देश कांग्रेस को दे रहा है और खासकर के देश का युवा इतना गुस्से में है वो दोबारा कांग्रेस का मुंह नहीं देखना चाहता है। 
मोदी ने विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इन्होंने अवसरवादी 'इंडी एलायंस' बना लिया है। उसकी पतंग उड़ने से पहले ही कट गई है। कहने को तो गठबंधन है लेकिन कई राज्यों में ये गठबंधन वाले ही आपस में ही लड़ रहे हैं। इस लोकसभा चुनाव में देश की 25 प्रतिशत सीट ऐसी हैं, जहां ये गठबंधन के लोग एक दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। 
 
मोदी ने आरोप लगाया कि राज्य की गत कांग्रेस सरकार ने जल जीवन मिशन योजना में घोटाला किया व उसका काम नहीं होने दिया।
 
उन्होंने कहा कि अब हमारी भजनलाल सरकार आई है… वो घोटाले की जांच भी कर रही ..अगर यहां कांग्रेस सरकार ना होता तो अब तक हम हर घर जल के लक्ष्य के बहुत निकट पहुंच जाते है।''
उन्होंने कहा कि अभी हमें राजस्थान के विकास को, देश के विकास को नई बुलंदी देनी है। ये संकल्प लेकर मैं चल पड़ा हूं। भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनाना है। 'विकसित भारत-विकसित राजस्थान' बनाना है।'' इनपुट भाषा  Edited by : Sudheer Sharma
ये भी पढ़ें
Congress Candidates List : कांग्रेस ने जारी की नई लिस्ट, गोड्डा सीट से बदला उम्मीदवार, अब निशिकांत दुबे के खिलाफ प्रदीप यादव को उतारा