• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. akhilesh yadav filed nomination from kannauj
Last Modified: गुरुवार, 25 अप्रैल 2024 (14:34 IST)

अखिलेश यादव ने कन्नौज से भरा नामांकन, भाजपा के सुब्रत पाठक से मुकाबला

अखिलेश यादव ने कन्नौज से भरा नामांकन, भाजपा के सुब्रत पाठक से मुकाबला - akhilesh yadav filed nomination from kannauj
akhilesh yadav news in hindi : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कन्नौज लोकसभा सीट के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। सपा ने इससे पहले मैनपुरी से पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव को कन्नौज लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था। अखिलेश यादव का मुकाबला भाजपा के सुब्रत पाठक से होगा। पाठक ने भी आज ही नामांकन दाखिल किया है।
 
बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ कचहरी पहुंचे अखिलेश ने कन्नौज से नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ सपा के प्रमुख महासचिव राम गोपाल यादव एवं अन्य नेता भी मौजूद थे।
 
अखिलेश ने नामांकन करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि कन्नौज में सपा के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम जनता की यह ख्वाहिश थी कि वह इस सीट से चुनाव लड़ें। उम्मीद है कि जनता एक बार फिर उन्हें आशीर्वाद देगी।
 
उन्होंने कहा कि कन्नौज का चुनाव भाजपा की नकारात्मक राजनीति को खत्म करेगा। हम कन्नौज की पहचान को आगे बढ़ाएंगे। हम कन्नौज के लोगों के सम्मान और विकास के लिए काम करेंगे। भाजपा ने कन्नौज का विकास रोक कर नकारात्मक राजनीति की।
 
अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा की जो नकारात्मक राजनीति है, वह खत्म होगी। भाईचारे का एक दौर शुरू होगा जो कन्नौज में विकास और खुशहाली लाएगा।
 
नामांकन से पहले अखिलेश ने कन्नौज से नामांकन की 24 साल पुरानी एक तस्वीर 'एक्स' पर साझा की और लिखा, 'फिर इतिहास दोहराया जाएगा। अब नया भविष्य बनाया जाएगा।' इस पर अखिलेश के चाचा सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने लिखा, विजय भव: सर्वदा।
 
अखिलेश यादव पूर्व में तीन बार कन्नौज से ही सांसद रह चुके हैं। वर्ष 2000 में कन्नौज सीट पर हुए उपचुनाव में वह पहली बार सांसद चुने गए थे। उसके बाद वह 2004 और 2009 में भी इसी सीट से सांसद रहे। उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद लोकसभा से इस्तीफा देने के चलते 2012 में कन्नौज सीट पर हुए उपचुनाव में अखिलेश की पत्नी डिंपल निर्विरोध चुनी गई थीं।
 
वर्ष 2014 के आम चुनाव में भी डिंपल ने इसी सीट से जीत दर्ज की थी। हालांकि साल 2019 के चुनाव में वह भाजपा के सुब्रत पाठक से पराजित हो गई थीं।
 
अखिलेश यादव वर्तमान में करहल विधानसभा सीट से विधायक और प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में वह करहल सीट से पहली बार विधायक बने थे। कन्नौज में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत आगामी 13 मई को मतदान होगा। (भाषा)
Edited by : Nrapendra Gupta 
ये भी पढ़ें
पाकिस्तान के कराची में आया 3.2 तीव्रता का भूकंप, लोग घरों से बाहर निकले