• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. 8th list of BJP candidates released
Last Updated :नई दिल्ली , रविवार, 31 मार्च 2024 (00:20 IST)

Lok Sabha Elections : भाजपा उम्‍मीदवारों की 8वीं लिस्‍ट जारी, जानिए कौन कहां से होगा उम्‍मीदवार

Lok Sabha Elections : भाजपा उम्‍मीदवारों की 8वीं लिस्‍ट जारी, जानिए कौन कहां से होगा उम्‍मीदवार - 8th list of BJP candidates released
8th list of BJP candidates released : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने लोकसभा चुनाव के लिए शनिवार को 11 उम्मीदवारों की अपनी आठवीं सूची जारी की जिसमें पूर्व राजनयिक तरणजीत सिंह संधू का नाम शामिल है जबकि पार्टी ने अभिनेता सनी देओल का टिकट काट दिया है। पार्टी की ओर से जारी इस सूची में ओडिशा के लिए 3, पंजाब के लिए 6 और पश्चिम बंगाल के लिए 2 उम्मीदवार घोषित किए गए हैं।
 
भाजपा ने पंजाब के गुरदासपुर से सनी देओल का टिकट काटकर उनके स्थान पर दिनेश सिंह बब्बू को उम्मीदवार बनाया है। बब्बू, सुजानपुर के विधायक रहे हैं। वह पंजाब विधानसभा के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। भाजपा के लिए गुरदासपुर ऐसी सीट रही है जिसे जीतने के लिए पार्टी अभिनेताओं पर निर्भर रही है। लेकिन इस बार उसने संगठन के एक व्यक्ति पर भरोसा जताया है।
देओल ने 2019 में यह सीट जीती थी, जबकि दिवंगत अभिनेता विनोद खन्ना ने चार बार लोकसभा में भाजपा के लिए इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। अभिनेता देओल ने सांसद के तौर पर बहुत कम योगदान दिया है और संसदीय कार्यवाही और अपने निर्वाचन क्षेत्र से ज्यादातर दूर ही रहे हैं। इस वजह से भाजपा को पंजाब में पार्टी को कुछ शर्मिंदगी उठानी पड़ी।
भाजपा ने जिन दलबदलू नेताओं को टिकट दिया है वे सभी निवर्तमान लोकसभा में अपनी-अपनी सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। हाल ही में आम आदमी पार्टी (AAP) को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सुशील रिंकू को पंजाब के जालंधर सीट से तथा कांग्रेस का दामन छोड़कर केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल हुए रवनीत सिंह बिट्टू एवं परनीत कौर को क्रमश: लुधियाना और पटियाला सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।

भाजपा ने पंजाब के पूर्व मुख्‍यमंत्री कैप्टन अमरिंदर की पत्नी परनीत कौर को पटियाला लोकसभा सीट से मैदान में उतारा है। परनीत कौर पटियाला से दमदार उम्मीदवार हैं। वह पटियाला से चार बार सांसद रह चुकी हैं। वहीं ओडिशा में कटक सीट से भरतरी मेहताब को उम्मीदवार बनाया है।
बीजू जनता दल (बीजद) छोड़कर भाजपा में शामिल हुए भर्तृहरि महताब को ओडिशा के कटक से टिकट दिया गया है। वह कटक से निवर्तमान सांसद और बीजद के संस्थापक सदस्य हैं। उत्तर पश्चिम दिल्ली सीट से टिकट गंवाने वाले हंस राज हंस को भाजपा ने पंजाब के फरीदकोट से उम्मीदवार बनाया है।
 
पश्चिम बंगाल की बीरभूम संसदीय सीट से भाजपा ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पूर्व अधिकारी देवाशीष धर को टिकट दिया है। पार्टी ने झाड़ग्राम से प्रणत टुडू को उम्मीदवार बनाया है। उन्हें निवर्तमान सांसद कुनार हेम्ब्रम की जगह प्रत्याशी बनाया गया है। हेम्ब्रम ने इस महीने की शुरुआत में भाजपा छोड़ दी थी।
ओडिशा के जाजपुर से रवीन्द्र नारायण बेहरा और कंधमाल से सुकांत कुमार पाणिग्रही को उम्मीदवार बनाया गया है। भाजपा ने अब तक 411 उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से एक जून के बीच सात चरणों में होने हैं। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
ये भी पढ़ें
Lok Sabha Elections : मप्र में पहले चरण की 6 सीटों के लिए 88 उम्मीदवार मैदान में