• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राम मंदिर अयोध्या
  4. Who is Anil Mishra, who is playing responsibility of chief host in Ram Mandir Pran Pratistha
Last Updated : शनिवार, 20 जनवरी 2024 (15:21 IST)

कौन हैं अनिल मिश्रा, जो राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में निभा रहे हैं मुख्‍य यजमान की जिम्मेदारी?

Anil Mishra
Who is Dr. Anil Mishra: अयोध्या राम मंदिर (Ram Mandir Ayodhya) में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए पूजा और अनुष्ठान का दौर शुरू हो गया है। पूजा-अनुष्ठान में मुख्‍य यजमान की भूमिका राम मंदिर ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा मुख्य यजमान की भूमिका निभा रहे हैं। हालांकि मुख्‍य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रमुख यजमान की भूमिका में रहेंगे। 
 
ट्रस्ट की ओर से कहा गया है कि अयोध्या में राम मंदिर में पूजा का सिलसिला शुरू हो गया है। प्राण प्रतिष्ठा (Ram Mandir Pran Pratishtha Ceremony) के लिए 7 दिन की पूजा का विधान है तो किसी न किसी को बैठकर पूजा करनी है। 16 जनवरी से शुरू हुआ अनुष्ठान 22 जनवरी को दोपहर 1:00 बजे तक समाप्त हो जाएगा।
 
ट्रस्ट के मुताबिक डॉ. मिश्रा मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी हैं साथ ही वे अयोध्या में ही मौजूद हैं। जबकि, ट्रस्ट के अन्य ट्रस्टी साधु संत हैं। अत: डॉ. मिश्रा और उनकी पत्नी को मुख्‍य यजमान के रूप में चुना गया है। वे 6 दिन मुख्‍य यजमान की भूमिका में रहेंगे। 
 
कौन हैं डॉ. अनिल मिश्रा : डॉ. अनिल मिश्र राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हैं और उनका जन्म अंबेडकरनगर जिले के पतौना गांव में हुआ था। यजमान के रूप में उन्होंने पहली बार मंगलवार को प्रायश्चित पूजन में हिस्सा लिया था। 6 दिनों तक वे ही यजमान की भूमिका में रहेंगे। 
 
मिश्रा ने ब्रिज किशोर होम्योपैथिक कॉलेज से बीएचएमएस की डिग्री भी हासिल की है। उन्होंने आरएसएस में स्वयंसेवक के रूप में काम किया साथ ही वे संघ में सह प्रांत कार्यवाह के बाद अवध के प्रांत कार्यवाह के रूप में भी काम कर चुके हैं। मिश्रा सुल्तानपुर और गोंडा जिलों में वे होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी के पद पर कार्य कर चुके हैं। 
 
सरकारी नौकरी से वर्ष 2020 में रिटायर होने के बाद डॉ. मिश्रा ने खुद को पूरी तरह संघ के कार्यों के लिए समर्पित कर दिया। राम मंदिर ट्रस्ट के गठन के बाद डॉ. अनिल मिश्रा ट्रस्ट में वरिष्ठ सदस्य के पद पर कार्य करने लगे और आज भी वे राम मंदिर ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्य हैं। विहिप के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने भी इस बात की पुष्टि की है कि 6 दिन चलने वाले अनुष्ठानों के दौरान डॉ. अनिल मिश्रा मुख्‍य यजमान की भूमिका निभाएंगे। 
 
फिर नरेन्द्र मोदी की क्या भूमिका : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मुख्य यजमान होंगे। जबकि, अनिल मिश्रा 6 दिन तक चलने वाले अनुष्ठानों में मुख्य यजमान की भूमिका निभाएंगे। मुख्‍य यजमान वह व्यक्ति होता है, जिसकी उपस्थिति में पूजा और अनुष्ठान संपन्न होते हैं। 22 जनवरी को गर्भगृह में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महंत नृत्यगोपाल दास, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, संघ प्रमुख मोहन भागवत ही प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे। 
Edited by: Vrijendra Singh Jhala